अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर CM योगी का संदेश: “नारी सम्मान और सुरक्षा सर्वोपरि, बेटियों को मिल रहे समान अवसर”

जनपत की खबर , 50

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रदेश की नारी शक्ति को संदेश देते हुए महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सशक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है, इसलिए राज्य सरकार आधी आबादी की सुरक्षा, गरिमा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं आम थीं, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है और प्रदेश की बेटियां पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्पष्ट नीति और साफ नीयत के साथ चल रही सरकार के प्रयासों से यह बदलाव संभव हुआ है।
सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति और एंटी रोमियो अभियान जैसे कार्यक्रमों ने अपराधियों के मन में भय पैदा किया है, जिससे महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में कमी आई है। उनका कहना था कि जहां बेटियां सुरक्षित और सम्मानित होती हैं, वहीं समाज निरंतर प्रगति करता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार के प्रयासों से प्रदेश में छात्राओं के ड्रॉपआउट रेट, मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में अभूतपूर्व गिरावट दर्ज की गई है। शिक्षा से लेकर रोजगार तक बेटियों को समान अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की नारी शक्ति स्वावलंबन का नया अध्याय लिख रही है। बीसी सखी, लक्ष्मी दीदी, ड्रोन दीदी, स्वास्थ्य सखी और सूर्य सखी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाएं न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे प्रदेश को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि नारी का सम्मान पूरे समाज के लिए सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि “मां और मातृभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर हैं।”
अंत में उन्होंने प्रदेश की बेटियों को संदेश देते हुए कहा कि उन्हें किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है। राज्य सरकार उनके सपनों को नई उड़ान देने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Comments

Back to Top