अयोध्या मेडिकल कॉलेज से मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविन्द कुमार सिंह हटाए गए, प्रतिनियुक्ति समाप्त कर मूल विभाग भेजा गया

जनपत की खबर , 128

अयोध्या।
राजर्षि दशरथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय सम्बद्ध चिकित्सालय, दर्शननगर में तैनात मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविन्द कुमार सिंह को पद से हटाकर उनके मूल विभाग के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार चिकित्सा अनुभाग-3 के शासनादेश संख्या 160/71-3-2019-72/2018 दिनांक 05 मार्च 2019 के तहत डॉ. अरविन्द कुमार सिंह को 1 अप्रैल 2019 से तीन वर्षों के लिए प्रतिनियुक्ति पर राजर्षि दशरथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय, दर्शननगर में तैनात किया गया था। उनकी ड्यूटी एमआरडी/सीसीएल स्टोर विभाग में लगाई गई थी।
बाद में उनकी प्रतिनियुक्ति को तीन वर्ष के बाद दो वर्ष के लिए और बढ़ाया गया, जिससे कुल पांच वर्ष की अवधि पूरी हो गई। इसके अतिरिक्त भी उन्होंने लगभग दो वर्ष तक सेवाएं दीं।
प्रशासन के अनुसार वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध हैं। ऐसे में उनकी विशेषज्ञता और सेवाओं का लाभ अन्य स्थानों पर लेने के उद्देश्य से उन्हें 6 मार्च 2026 की अपराह्न से मूल विभाग के लिए कार्यमुक्त करने का निर्णय लिया गया है।
उन्हें निर्देशित किया गया है कि वह अपना समस्त प्रभार राजर्षि दशरथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय, दर्शननगर के चिकित्सा अधीक्षक को हस्तांतरित करते हुए महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के समक्ष अपनी योगदान आख्या प्रस्तुत करें और आगे के निर्देशों के अनुसार कार्यभार ग्रहण करें।
अयोध्या मेडिकल कॉलेज में लंबे समय से चल रही प्रशासनिक खींचतान के बीच इस कार्रवाई को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top