*प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 18वें रोजगार मेले में 61,656 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 528, प्रयागराज में 399 नव चयनितों को दिया गया नियुक्ति पत्र*
अन्य खबरे Jan 24, 2026 at 06:15 PM , 151*डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया से भारत बना विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम, 1.6 लाख से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप सक्रिय : श्री कीर्तिवर्धन सिंह*
*स्टार्टअप मिशन, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की योजनाओं ने देश को नई दिशा दी है: केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल*
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 18वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त युवाओं को 61,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री की रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता के अनुरूप, रोजगार मेला इस दृष्टिकोण को साकार करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल है। इसकी स्थापना के बाद से देश भर में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 11 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।
इसी क्रम में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल(सी.आर.पी.एफ.),बिजनौर लखनऊ के ग्रुप केन्द्र पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा विदेश राज्य मंत्री श्री कीर्तिवर्धन सिंह ने 528 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। रोजगार मेले को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया के कारण भारत आज स्टार्टअप इकोसिस्टम में विश्व में तीसरे स्थान पर है और देश में 1.6 लाख से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप कार्यरत हैं।उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है कि आज युवाओं की क्षमताएं सामने आ रही हैं और उनके साथ-साथ देश भी आगे बढ़ रहा है।
श्री कीर्तिवर्धन सिंह ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को रेखांकित करते हुए कहा कि देश की सबसे मजबूत बुनियाद युवा शक्ति है और सशक्त युवा ही विकसित भारत का आधार हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी स्किल और क्षमता को बढ़ाकर नए अवसरों का लाभ उठाएं, क्योंकि आज रोजगार की कमी नहीं बल्कि कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता है। साथ ही बधाई देते हुए उनसे राष्ट्र सेवा और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का भी आह्वान किया।
वहीं प्रयागराज के रिजर्व पुलिस बल(सी.आर.पी.एफ.), ग्रुप केन्द्र पर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने नव चयनित 399 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। रोजगार मेले को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि स्टार्टअप मिशन, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की योजनाओं ने देश को नई दिशा दी है। उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत 7.3 प्रतिशत की विकास दर के साथ दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। बीते 11 वर्षों में भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तीसरे स्थान की ओर तेजी से बढ़ रहा है। देशभर में इंफ्रास्ट्रक्चर का अभूतपूर्व विकास हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी पक्की नौकरी ही नहीं बल्कि जीवन का नया अध्याय शुरू कर रहे हैं और बड़ी जिम्मेदारी आपको दी जा रही है। श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने कहा कि नव नियुक्त कर्मियों को अपने पद को केवल व्यक्तिगत सपनों की पूर्ति का साधन न बनाकर, देश सेवा का माध्यम बनाना होगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि उनके पास कौशल, प्रतिभा और ऊर्जा का अपार स्रोत है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा जी सरकार हर स्तर पर युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मिशन कर्मयोगी के माध्यम से सरकारी कर्मचारियों की दक्षता और कार्यकुशलता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक बेहतर व प्रभावी बन सके।
यह 18वां रोजगार मेला आज देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित किया गया। भारत के सभी हिस्सों से चयनित नव नियुक्त कर्मचारी गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग सहित भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार ग्रहण करेंगे।




























Comments