सरोजिनी नगर में ‘हमारा आंगन, हमारे बच्चे’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन, 65 बच्चों को किया गया सम्मानित

जनपत की खबर , 136

लखनऊ। जनपद लखनऊ के विकासखंड सरोजिनी नगर में शुक्रवार को ‘हमारा आंगन, हमारे बच्चे’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा परिषद एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित 68 को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों के शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सुपरवाइजर, बच्चे एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सरोजिनी नगर श्री आर.पी. यादव एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी श्री शैलेंद्र सिंह रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों, आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं शिक्षकों के समक्ष बाल वाटिका कार्यक्रम तथा प्री-प्राइमरी स्तर से शिक्षा आरंभ करने की व्यवस्था पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
अतिथियों द्वारा प्री-प्राइमरी शिक्षा के महत्व और बच्चों के सर्वांगीण विकास में इसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों को जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों की नींव मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में 13 न्याय पंचायतों से चयनित 65 बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर विकास स्तरीय बाल वाटिका नोडल एआरपी प्रतिमा मिश्रा, पूर्व एआरपी उदय प्रताप सिंह, शुचिता त्रिपाठी सहित सभी नोडल शिक्षक संकुल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी एवं विद्यालयी शिक्षा के बेहतर समन्वय के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा प्रदान करना रहा।

Related Articles

Comments

Back to Top