*युवा पर्यटन के अंतर्गत उत्तर प्रदेश दिवस व राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर चित्रकला, क्विज और रील स्टोरीटेलिंग कार्यक्रमों का आयोजन*

अन्य खबरे , 121

लखनऊ: 23 जनवरी, 2026

उत्तर प्रदेश दिवस एवं राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा युवाओं को पर्यटन से जोड़ने के उद्देश्य से 24 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल, वसंत कुंज योजना, लखनऊ में विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध पर्यटन विरासत से विद्यार्थियों को परिचित कराना और उनमें रचनात्मकता व जागरूकता को बढ़ावा देना है।

युवा पर्यटन के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को उत्तर प्रदेश की प्राकृतिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन विरासत को चित्रों के माध्यम से रचनात्मक अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित करना है। प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर दो वर्गों में आयोजित की जाएगी।
इसी क्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश की प्राकृतिक धरोहर, सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक स्थलों एवं प्रदेश की विकासात्मक उपलब्धियों से परिचित कराया जाएगा। यह लाइव, ऑनलाइन एवं इंटरएक्टिव प्रतियोगिता होगी, जो विद्यार्थियों को सीखने, प्रतिस्पर्धा करने और अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर देगी।

इसके अतिरिक्त युवा पर्यटन के अंतर्गत वॉक्स पॉप फिल्म प्रस्तुति एवं यूथ रील स्टोरीटेलिंग कार्यशाला का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें युवा प्रतिभाएं उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्तियां प्रस्तुत करेंगी।

इस अवसर पर माननीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक गौरव से है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही पर्यटन को नई दिशा मिलती है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थी प्रदेश की विरासत को जानेंगे ही नहीं, बल्कि उसे संरक्षित करने और विश्व स्तर पर प्रस्तुत करने के लिए भी प्रेरित होंगे।
उन्होंने कहा कि युवा पर्यटन कार्यक्रम युवाओं में पर्यटन के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक चेतना को भी सुदृढ़ करता है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश ईको-टूरिज्म विकास बोर्ड द्वारा प्रदेशभर में 1,500 से अधिक युवा पर्यटन क्लब स्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे 30,000 से अधिक विद्यार्थी सक्रिय रूप से जुड़े हैं। इन क्लबों के माध्यम से छात्रों को जंगलों, पक्षी विहारों एवं प्राकृतिक धरोहरों का भ्रमण कराया जाता है, जिससे उनमें प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top