प्रयागराज में ग्रामीण मीडिया कार्यशाला का आयोजन, ‘विकसित भारत–जी राम जी कानून’ पर हुई विस्तृत चर्चा
जनपत की खबर Jan 22, 2026 at 08:20 PM , 126लखनऊ।
पत्र सूचना कार्यालय द्वारा गुरुवार को प्रयागराज जिले की मेजा तहसील स्थित पंडित कृपाशंकर तिवारी महाविद्यालय में ‘वार्तालाप कार्यक्रम’ (ग्रामीण मीडिया कार्यशाला) का आयोजन किया गया। कार्यशाला में हाल ही में भारतीय संसद द्वारा पारित ‘विकसित भारत–जी राम जी कानून’, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, कार्यक्रमों तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकारों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन के साथ हुई।
कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत–जी राम जी कानून’ सेवा, सुशासन और समृद्धि की भावना पर आधारित एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि यह कानून प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी देता है, जो मनरेगा के अंतर्गत मिलने वाले 100 दिनों के रोजगार से एक कदम आगे है।
अतिथि एवं वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त उप शिक्षा निदेशक एवं समाजसेवी श्री अशोक नाथ तिवारी ने कहा कि यह कानून सरकार की सेवा, सुशासन और समृद्धि की सोच को दर्शाता है, जो देश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यशाला के दौरान वरिष्ठ पत्रकार एवं बाल कल्याण समिति, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार मिश्रा ने कहा कि विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास का संकल्प है, जिसकी नींव ग्रामीण विकास पर आधारित है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें गांवों की निर्णायक भूमिका होगी।
उन्होंने बताया कि श्रमिकों की मजदूरी का भुगतान 7 से 15 दिनों के भीतर करना अनिवार्य किया गया है, जिससे उन्हें समय पर लाभ मिल सके। योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल भुगतान प्रणाली, बायोमेट्रिक सत्यापन, जियो-टैगिंग तथा रियल-टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही योजना में सोशल ऑडिट को विशेष महत्व दिया गया है, जिसमें गांव के निवासी स्वयं निगरानी करेंगे।
कार्यक्रम को बैंक ऑफ बड़ौदा के उप क्षेत्रीय प्रबंधक श्री अनूप शुक्ल ने भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बैंक किस प्रकार अपनी भूमिका निभाता है तथा आम नागरिक बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से सरकारी लाभ प्राप्त कर अपनी आजीविका सुदृढ़ कर सकता है।
कार्यक्रम के अंत में पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो, उत्तर प्रदेश के निदेशक श्री दिलीप कुमार शुक्ल ने जानकारी दी कि केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा पंडित कृपाशंकर तिवारी महाविद्यालय, मेजा (प्रयागराज) में 24 जनवरी से 28 जनवरी 2026 तक इंटीग्रेटेड कम्युनिकेशन एंड आउटरीच प्रोग्राम के अंतर्गत ‘विकसित भारत–जी राम जी कानून’, ‘सेवा, सुशासन एवं समृद्धि’ विषय पर पांच दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में कानून के प्रावधानों, केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, प्रयासों तथा गणतंत्र दिवस से संबंधित विषय-वस्तु को प्रदर्शित किया जाएगा।































Comments