लखनऊ में 19–23 जनवरी तक होगा 86वां अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन, यूपी विधानमंडल करेगा मे बानी

जनपत की खबर , 139

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 86वां अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन (AIPOC) तथा भारत की विधानसभाओं/विधान परिषदों के सचिवों का 62वां सम्मेलन 19 से 23 जनवरी, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी उत्तर प्रदेश विधानमंडल द्वारा की जा रही है।
सम्मेलन में देशभर से आए पीठासीन अधिकारी, सचिवगण एवं अन्य गणमान्य प्रतिनिधि विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं, सदन संचालन, सुशासन तथा समसामयिक विधायी विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करेंगे।
इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला, माननीय राज्यपाल उत्तर प्रदेश श्रीमती आनंदीबेन पटेल, माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ, माननीय उपसभापति राज्यसभा श्री हरिवंश नारायण सिंह, माननीय सभापति विधान परिषद कुंवर मानवेंद्र सिंह तथा माननीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश विधानसभा श्री सतीश महाना सहित देश के विभिन्न राज्यों और विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी, सभापति, अध्यक्ष एवं सचिवगण सहभागिता करेंगे।
19 जनवरी 2026 को विधान भवन, लखनऊ में सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन होगा। उद्घाटन सत्र के दौरान संवैधानिक पदों पर आसीन महानुभावों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदर्शनी का उद्घाटन, समूह चित्र तथा विभिन्न समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
20 जनवरी को आयोजित पूर्ण सत्र में निर्धारित एजेंडा बिंदुओं पर गहन चर्चा होगी। साथ ही उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन प्रस्तावित है।
21 जनवरी को समापन सत्र में विभिन्न संवैधानिक पदाधिकारियों के प्रेरक संबोधन होंगे। सम्मेलन के दौरान विधायी परंपराओं, संसदीय नवाचारों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद स्थापित किया जाएगा।
सम्मेलन के उपरांत 22 जनवरी 2026 को प्रतिभागियों के लिए अयोध्या धाम भ्रमण का कार्यक्रम निर्धारित है, जबकि 23 जनवरी 2026 को प्रतिनिधियों का प्रस्थान होगा।
यह सम्मेलन संसदीय लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने, राज्यों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान तथा विधायी संस्थाओं के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

Related Articles

Comments

Back to Top