मेट्रो कॉरिडोर के पास पतंग उड़ाने से बचें, चीनी मांझा जानलेवा : लखनऊ मेट्रो
जनपत की खबर Jan 13, 2026 at 05:40 PM , 91लखनऊ।
यात्रियों की सुरक्षा और मेट्रो सेवाओं के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लखनऊ मेट्रो ने आमजन से अपील की है कि वे मेट्रो कॉरिडोर के आसपास पतंग उड़ाने से परहेज करें। पूर्व में पतंगबाजी के कारण मेट्रो परिचालन प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
लखनऊ मेट्रो ने बताया कि चीनी मांझा अथवा धातुयुक्त धागा विद्युत का सुचालक होता है। इसके संपर्क में आने से शॉर्ट सर्किट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे जान-माल की हानि की आशंका रहती है। साथ ही इससे मेट्रो की ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन (OHE) प्रणाली को भी गंभीर क्षति पहुंच सकती है।
धातुयुक्त धागा यदि ओएचई सिस्टम में फंसता है तो ट्रिपिंग की स्थिति उत्पन्न होती है, जिसके परिणामस्वरूप मेट्रो सेवाएं बाधित हो जाती हैं। ऐसे मामलों में पतंग उड़ाने वाले व्यक्तियों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
लखनऊ मेट्रो ने स्पष्ट किया कि प्रचलित नियमों के तहत मेट्रो संपत्ति को क्षति पहुंचाने पर मेट्रो रेलवे अधिनियम, 2002 की धारा 78 के अंतर्गत बिना वारंट के गिरफ्तारी और 10 वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है।
लखनऊ मेट्रो ने नागरिकों से अपील की है कि वे चीनी मांझा अथवा तांबे के तार का प्रयोग न करें तथा मेट्रो कॉरिडोर के निकट पतंग उड़ाने से बचें, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और मेट्रो सेवाओं का निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
अंत में लखनऊ मेट्रो ने समस्त नागरिकों को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं भी प्रेषित की हैं।































Comments