अयोध्या राम मंदिर परिसर की सुरक्षा में चूक, नमाज पढ़ते युवक को हिरासत में लिया गया
जनपत की खबर Jan 10, 2026 at 10:55 PM , 136अयोध्या। अयोध्या में राम मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक को दक्षिणी परकोटे क्षेत्र में धार्मिक गतिविधि करते हुए सुरक्षा बलों ने हिरासत में ले लिया। घटना आज सुबह की बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, युवक राम मंदिर परिसर के गेट D-1 से प्रवेश कर सीता रसोई के पास स्थित दक्षिणी परकोटे क्षेत्र में नमाज पढ़ने का प्रयास कर रहा था। युवक को रोकने पर उसने कथित तौर पर नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद मौके पर तैनात सुरक्षा बलों ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए युवक की पहचान अहमद शेख के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले का निवासी बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक कश्मीरी वेशभूषा में था।
घटना की जानकारी मिलते ही खुफिया एजेंसियां, स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए। युवक से पूछताछ की जा रही है और उसके इरादों, पृष्ठभूमि तथा मंदिर परिसर तक पहुंचने के तरीके की गहन जांच की जा रही है।
हालांकि, इस संवेदनशील मामले पर अब तक जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, राम मंदिर ट्रस्ट ने भी पूरे प्रकरण पर फिलहाल चुप्पी साध रखी है।
सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने से रोका जा सके।































Comments