राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत 100 विद्यार्थियों ने किया आंचलिक विज्ञान केंद्र अलीगंज का शैक्षिक भ्रमण
जनपत की खबर Dec 24, 2025 at 04:20 PM , 133लखनऊ।
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विकासखंड बक्शी का तालाब के विभिन्न पूर्व माध्यमिक विद्यालयों एवं कंपोजिट विद्यालयों से चयनित 100 मेधावी विद्यार्थियों को ब्लॉक स्तर पर एक्सपोजर विजिट के लिए आंचलिक विज्ञान केंद्र, अलीगंज ले जाया गया। इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच तथा नवाचार की भावना को विकसित करना रहा।
खंड शिक्षा अधिकारी बक्शी का तालाब प्रीती शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्लॉक स्तर पर चयनित इन 100 बच्चों में से 10 श्रेष्ठ विद्यार्थी आगे चलकर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें विज्ञान को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
एक्सपोजर विजिट के दौरान आंचलिक विज्ञान केंद्र में उपस्थित शिक्षकों एवं एआरपी द्वारा बच्चों को विज्ञान से जुड़े विभिन्न प्रयोगों, मॉडल्स और गतिविधियों की जानकारी दी गई। प्रयोगों के माध्यम से बच्चों को दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग, कारण-परिणाम संबंध और समस्या समाधान की प्रक्रिया से अवगत कराया गया, जिससे उनकी तार्किक एवं विश्लेषणात्मक क्षमता को बल मिला।
इस अवसर पर एआरपी क्षमा तिवारी, कुमकुम तिवारी, अनुराग सिंह राठौड़, ज्ञानेंद्र शंकर त्रिपाठी, आशुतोष मिश्रा, नीरज मिश्रा सहित शिक्षक सावित्री मौर्य, पंकज तिवारी, विनय कुमार द्विवेदी, सीमा सिंह, श्वेता जायसवाल एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
शैक्षिक भ्रमण के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने विज्ञान केंद्र की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।































Comments