*बाल दिवस के अवसर पर भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा लखनऊ मेट्रो ट्रेन में किया गया देश का पहला बाल आधार नामांकन*

अन्य खबरे , 191

*इस अवसर पर आंचलिक विज्ञान नगरी और इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ  में बाल आधार और बच्चों के आधार में अनिवार्य बायोमेट्रिक्स अपडेट हेतु विशेष आधार कैम्प का आयोजन किया गया*

*लखनऊ, 14 नवंबर 2025:* बाल दिवस के अवसर पर भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण, क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ द्वारा उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के सहयोग से मेट्रो ट्रेन में किया गया देश का पहला बाल आधार नामांकन। इस अवसर पर आंचलिक विज्ञान नगरी और इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ  में बाल आधार और  05 वर्ष और 15 वर्ष की आयु प्राप्त करने पर बच्चों के आधार में अनिवार्य बायोमेट्रिक्स अपडेट हेतु विशेष आधार कैम्प का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला में ‘मेरा आधार मेरी पहचान’ विषय पर बच्चों के लिए पेंटिंग और जिंगल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें बच्चों ने हिस्सा लिया। 
आधार दिवस (29 सितम्बर 2025) को आधार से संबंधित विषयों पर आयोजित किए पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। 
वर्तमान में उत्तर प्रदेश के सभी स्कूलों में बच्चों के आधार में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत उन बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) पूरा करने पर बल दिया है जो 05 वर्ष और 15 वर्ष के हो चुके हैं लेकिन अभी तक अपने आधार में बायोमेट्रिक्स अपडेट नहीं कराया हैं। यह आधार के अंतर्गत आवश्यक है और माता-पिता या अभिभावक किसी भी आधार सेवा केंद्र या निर्दिष्ट आधार केंद्र पर जाकर या अपडेट करवा सकते है।  
नियमों के अनुसार 05 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर बच्चों के आधार में फिंगरप्रिंट, आईरिस और फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाना जरूरी है इसे अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) कहा जाता है और यह निःशुल्क है। बच्चों के बायोमेट्रिक डेटा की सटीकता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए एमबीयू का समय पर पूरा होना आवश्यक है। 
अपडेटेड बायोमेट्रिक्स वाला आधार जीवन को आसान बनाता है और स्कूल में प्रवेश, प्रवेश परीक्षाओं के लिए पंजीकरण, छात्रवृत्ति का लाभ उठाने, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाने में आधार के निर्बाध उपयोग को सुनिश्चित करता है। माता-पिता/अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने बच्चों/आश्रितों के बायोमेट्रिक्स को आधार में प्राथमिकता के आधार पर अपडेट करा ले।

Related Articles

Comments

Back to Top