ग्लोबल बिग कैट्स फोटोग्राफी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का रहा शानदार प्रदर्शन

अन्य खबरे , 156

विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में पीलीभीत के बाघ के फोटो को मिला पुरस्कार-जयवीर सिंह

लखनऊ: 09 अक्टूबर, 2025

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ग्लोबल बिग कैट्स फोटोग्राफी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न देशों से प्राप्त लगभग 1,400 प्रविष्टियों में से 70 से अधिक फोटोग्राफ उत्तर प्रदेश के ईको-टूरिज्म स्थलों से थीं। प्रतियोगिता में पीलीभीत टाइगर रिजर्व के बाघ की एक मनमोहक तस्वीर ने पुरस्कार जीता। विजेता फोटोग्राफर जीतेंद्र चावरे को नकद राशि के साथ-साथ दुधवा में स्थित जागीर मनर में चार दिन और तीन रात ठहरने का विशेष अवसर प्रदान किया गया। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश के इको डेस्टिनेशन वैश्विक वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी के मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।
यह प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय बिग कैट्स एलायंस, भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, आर्ट्स माएस्ट्रो और उत्तर प्रदेश इको टूरिज्म विकास बोर्ड की ओर से आयोजित की गई थी। वन्य जीव सप्ताह के अंतिम दिन यानी 08 अक्टूबर को नई दिल्ली में हुए समारोह में भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान अपर महानिदेशक वाइल्ड लाइफ रमेश कुमार पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पढ़ा। 
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने वीडियो संदेश में कहा कि यह आयोजन संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। यह केवल एक फोटोग्राफी प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का एक सशक्त अभियान है। उत्तर प्रदेश इको-टूरिज्म का उभरता हुआ केंद्र है। दुधवा, पीलीभीत, कतर्नियाघाट और अमानगढ़ जैसे टाइगर रिजर्व न केवल जैव विविधता की धरोहर हैं, बल्कि सतत पर्यटन के उत्कृष्ट उदाहरण भी हैं।
उन्होंने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश इको टूरिज्म विकास बोर्ड का गठन किया गया। यह बोर्ड स्थानीय समुदायों को सशक्त करने, पर्यटक सुविधाओं का विकास करने, वन संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और राज्य के इको-टूरिज्म स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विश्वास है कि ग्लोबल बिग कैट्स फोटोग्राफी प्रतियोगिता जैसी पहल न केवल वन्यजीव संरक्षण को नई ऊर्जा देंगी, बल्कि उत्तर प्रदेश और पूरे देश में सतत ईको टूरिज्म को भी सशक्त बनाएंगी।
भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव, महानिदेशक, उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड के अपर निदेशक प्रखर मिश्रा, अंतरराष्ट्रीय बिग कैट्स एलायंस के प्रेसिडेंट एसपी यादव, अपर महानिदेशक वाइल्ड लाइफ रमेश कुमार पांडेय सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top