महिला अधिकारों के लिये संघर्ष होगा तेज हुआ नयी राज्य कमेटी का गठन एडवा उ.प्र. की वंदना अध्यक्ष व सीमा सचिव
अन्य खबरे Oct 05, 2025 at 08:20 PM , 177लखनऊ, 5 अक्टूबर। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के 13वें राज्य सम्मेलन में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने वंदना राय को अध्यक्ष और सीमा कटियार को सचिव चुना है। मधु गर्ग, सरोज कुशवाहा व नीलम तिवारी का चयन उपाध्यक्ष पद पर किया गया है। इसके साथ ही सुमन सिंह को कोषाध्यक्ष और लालमणि एवं सुधा सिंह को सहसचिव नियुक्त किया गया।
देश के 26 राज्यों में मौजूद तथा एक करोड़ दस लाख से अधिक की सदस्यता वाली अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (एडवा) की उत्तर प्रदेश इकाई का 13 वां राज्य सम्मेलन विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक प्रस्तावों को पारित करने और नयी राज्य कमेटी के चुनाव के साथ सम्पन्न हो गया। आज हुसैनाबाद इलाके में स्थित नेहरू युवा केन्द्र के सभागार में राज्य सम्मेलन में 15 जिलों आयीं महिला प्रतिनिधियों ने अपने अपने क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। महिलाओं के विचार विमर्श में जो मुद्दे प्रमुख रूप से उभरकर आये, उसमें गाँवों में बेरोज़गारी की समस्या, पांच किलो राशन के वितरण में हाल के दिनों में आयी हुई रुकावट, बढ़ती महंगाई, महंगी होती उच्च शिक्षा प्रमुख थे। कई क्षेत्रों में शुद्ध पानी की अनुपलब्धता या उसका घर से दूर होना भी रेखांकित किया गया। सम्मेलन में राजनीति में नफरत के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया गया। जनवादी समिति ने वर्तमान सरकार पर आरोप लगाया कि वह जान बूझकर मुस्लिम समुदाय के विभिन्न हिस्सों को आये दिन परेशान कर रही है। एक अन्य प्रस्ताव में उत्तर प्रदेश सरकार की स्कूल मर्जर कार्यवाही पर सख्त ऐतराज जताते हुये कहा गया कि इस फैसले का सबसे बुरा प्रभाव लड़कियों की शिक्षा पर पड़ेगा। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने बिजली के निजीकरण के प्रति भी विरोध जताया। एक और प्रस्ताव में अन्तर्राष्ट्रीय राजनीति में फिलीस्तीन की जनता के साथ एकजुटता प्रदर्शित करते हुये भारत सरकार से मांग की कि वह इजराइल से मजबूती से अपना विरोध प्रदर्शित करे।
सम्मेलन को दूसरे दिन समिति की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद सुभाषिनी अली, राष्ट्रीय महासचिव मरियम धावले, प्रदेश की उपाध्यक्ष मधु गर्ग, सचिव सीमा कटियार, निवर्तमान अध्यक्ष सुमन सिंह, वंदना राय आदि ने संबोधित किया।




























Comments